पहाड़ों पर हुई बर्फ़बारी का असर देश के मैदानी इलाकों में जबरदस्त ठण्ड के रूप में देखने को मिल रहा है। पूरा मप्र शीतलहर की चपेट में है। बर्फीली हवा से प्रदेश में ठंड और बढ़ गई है।
ऐसी कड़ाके की ठंड पड़ी कि राजधानी भोपाल समेत पूरा प्रदेश ठिठुर गया है। ऐसा सीजन में पहली बार हुआ। सिवनी को छोड़कर सभी जिलों में रात में पारा 10 डिग्री के नीचे रहा। सिवनी में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा 10 शहरों में तापमान 6 डिग्री से नीचे चला गया। भोपाल में रात का तापमान दूसरे दिन भी सामान्य से 4 डिग्री कम 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। उज्जैन में कोल्ड डे रहा।
जबलपुर, उमरिया, रीवा जिलों में शीतलहर चली। मौसम केंद्र की इंचार्ज डायरेक्टर ममता यादव ने बताया कि रविवार को वेस्टर्न डिस्टरबेंस जम्मू-कश्मीर और उसके आसपास पहुंच चुका है। इसके कारण ऊंचाई के बादल छाने लगे हैं। सोमवार से अगले एक दो दिन तक दिन और रात के तापमान में 1-2 डिग्री की बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।
दतिया में बुजुर्ग की ठंड से मौत भांडेर में एसबीआई चौराहा पर शनिवार-रविवार रात 60 वर्षीय बुजुर्ग मंजल सिंह की ठंड में ठिठुरने से मौत हो गई।
उमरिया 3.2 डिग्री सबसे ठंडा
रीवा 4.0 डिग्री ग्वालियर 4.3 डिग्री नौगांव 4.5 डिग्री खजुराहो 5.0 डिग्री दतिया 5.0 डिग्री रायसेन 5.2 डिग्री मंडला 5.3 डिग्री शाजापुर 5.6 डिग्री जबलपुर 5.8 डिग्री